scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशअर्थजगतयात्री वाहन बाजार में महिंद्रा एंड महिंद्रा बनी दूसरी सबसे बड़ी कंपनी, मारुति पहले स्थान पर बरकरार

यात्री वाहन बाजार में महिंद्रा एंड महिंद्रा बनी दूसरी सबसे बड़ी कंपनी, मारुति पहले स्थान पर बरकरार

Text Size:

नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) घरेलू वाहन विनिर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा वित्त वर्ष 2025-26 में अपनी एसयूवी गाड़ियों की भारी मांग के दम पर भारतीय बाजार की दूसरी सबसे बड़ी यात्री वाहन कंपनी बन गई है।

महिंद्रा ने लंबे समय से दूसरे स्थान पर काबिज हुंदै मोटर इंडिया और अपनी घरेलू प्रतिद्वंद्वी टाटा मोटर्स को पीछे छोड़ दिया है। मारुति सुजुकी अब भी भारतीय बाजार में पहले स्थान पर बनी हुई है।

वाहन निर्माताओं के बिक्री के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लि. बिक्री के मामले में तीसरे स्थान पर रही। वहीं, हुंदै मोटर इंडिया लि., जो वित्त वर्ष 2024-25 में दूसरे स्थान पर थी, अब गिरकर चौथे स्थान पर आ गई है।

बाजार की अग्रणी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने वित्त वर्ष 2026 में 18,23,129 यात्री वाहनों की घरेलू बिक्री की, जो पिछले वित्त वर्ष के 17,60,767 वाहनों के मुकाबले 3.54 प्रतिशत अधिक है।

महिंद्रा एंड महिंद्रा 6,60,276 इकाइयों की बिक्री के साथ दूसरे स्थान पर रही। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 की 5,51,487 इकाइयों के मुकाबले 20 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की है।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड 6,31,387 इकाइयों के साथ तीसरे स्थान पर रही, जो पिछले साल (5,53,585 इकाई) की तुलना में 14 प्रतिशत अधिक है। दूसरी ओर, हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड की घरेलू बिक्री में 2.29 प्रतिशत की गिरावट देखी गई और यह 5,98,666 इकाइयों से घटकर 5,84,906 इकाई रह गई।

दूसरे स्थान पर पहुंचने पर महिंद्रा एंड महिंद्रा के कार्यकारी निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (वाहन एवं फार्म क्षेत्र) राजेश जेजुरिकर ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य राजस्व के मामले में नंबर एक एसयूवी कंपनी बनने का था, जिसे हासिल कर लिया गया है।

उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए दूसरी सबसे बड़ी यात्री वाहन कंपनी बनना हमारे लिए गर्व की बात है।

जेजुरिकर ने जोर दिया कि कंपनी की प्राथमिकता ऐसे उत्पाद बनाना है जो ग्राहकों को पसंद आएं।

भारत में कुल यात्री वाहनों की बिक्री ने भी नया रिकॉर्ड बनाया है। वित्त वर्ष 2025-26 में कुल बिक्री बढ़कर 47 लाख इकाई तक पहुंच गई, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह आंकड़ा 43.4 लाख इकाई था।

भाषा सुमित रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments