scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशअर्थजगतजिंदल स्टेनलेस स्टील खुदरा बाजार में उतरी, निर्माण क्षेत्र में बढ़ाया दायरा

जिंदल स्टेनलेस स्टील खुदरा बाजार में उतरी, निर्माण क्षेत्र में बढ़ाया दायरा

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) जिंदल स्टेनलेस स्टील लिमिटेड ने सोमवार को ‘जिंदल इन्फिनिटी’ नाम से स्टेनलेस स्टील सरिया पेश करते हुए खुदरा बाजार में प्रवेश की घोषणा की।

यह कदम निर्माण क्षेत्र की पूरी मूल्य श्रृंखला में कंपनी की मौजूदगी बढ़ाने की दिशा में एक रणनीतिक विस्तार है।

इस पहल के जरिये कंपनी अब अपने पारंपरिक कारोबार से कारोबार मॉडल से आगे बढ़कर सीधे अंतिम उपभोक्ताओं, बिल्डर और निर्माण कार्य से जुड़े कारीगरों तक पहुंच बना सकेगी।

कंपनी के प्रबंध निदेशक अभ्युदय जिंदल ने कहा कि जिंदल इन्फिनिटी के साथ खुदरा क्षेत्र में प्रवेश कंपनी की क्षमताओं का विस्तार है और इसका उद्देश्य उन्नत उत्पादों को सीधे भारतीय उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि यह पहल गुणवत्ता, सुरक्षा और टिकाऊ निर्माण को बढ़ावा देने के कंपनी के बड़े लक्ष्य के अनुरूप है।

कंपनी के अनुसार, पारंपरिक सरियों की तुलना में स्टेनलेस स्टील सरिया जंग लगने के प्रति अधिक प्रतिरोधी होता है, जिससे कठिन परिस्थितियों में भी इसकी मजबूती और टिकाऊपन बढ़ जाता है।

कंपनी के बिक्री प्रमुख राजीव गर्ग ने कहा कि वितरक और डीलर के बढ़ते नेटवर्क के साथ कंपनी बड़े स्तर पर विस्तार की नींव तैयार कर रही है। शुरुआती प्रतिक्रिया से यह स्पष्ट है कि बाजार में लंबे समय तक टिकाऊ और भरोसेमंद उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों की मांग बढ़ रही है।

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments