scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशअर्थजगतजिंदल स्टेनलेस का दूसरी तिमाही में मुनाफा 11.1 प्रतिशत बढ़कर 898 करोड़ रुपये पर

जिंदल स्टेनलेस का दूसरी तिमाही में मुनाफा 11.1 प्रतिशत बढ़कर 898 करोड़ रुपये पर

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 11.1 प्रतिशत बढ़कर 898 करोड़ रुपये रहा है। राजस्व बढ़ने के कारण कंपनी के मुनाफे में इजाफा हुआ।

कंपनी ने एक बयान में यह जानकारी दी। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में 808 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया था।

कंपनी का कहना है कि सितंबर तिमाही में उसका शुद्ध राजस्व सालाना आधार पर 18.2 प्रतिशत बढ़कर 12,874 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की आय (ईबीआईटीडीए) 1,433 करोड़ रुपये रही।

कंपनी ने बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भू-राजनीतिक परिस्थितियों और औद्योगिक गैस की उपलब्धता से जुड़ी बाधाओं के कारण उसका परिचालन प्रभावित हुआ था। दूसरी तिमाही में इसमें सुधार देखने को मिला।

तिमाही-दर-तिमाही आधार पर कंपनी की कुल बिक्री मात्रा में 14.4 प्रतिशत और शुद्ध राजस्व में 14.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

मांग में वृद्धि को मूल्यवर्धित उत्पादों के बेहतर योगदान के साथ-साथ वाहन और सजावटी पाइप एवं ट्यूब खंड में तेजी से समर्थन मिला।

वैश्विक बाजारों में प्लेट और फेरिटिक ग्रेड के स्टेनलेस स्टील को विशेष रूप से घरेलू उपकरणों, लिफ्ट और एलिवेटर क्षेत्रों में व्यापक स्वीकार्यता मिली।

कंपनी ने कहा कि अप्रैल, 2026 से घरेलू बाजार में आयात का दबाव बढ़ा है। जुलाई, 2026 में चीन से स्टेनलेस स्टील के फ्लैट उत्पादों का आयात वित्त वर्ष 2025-26 के औसत मासिक आयात के मुकाबले 2.9 गुना रहा।

वित्त वर्ष 2025-26 में चीन से इन उत्पादों का औसत मासिक आयात 18,576 टन था, जबकि जुलाई, 2026 में यह बढ़कर 53,271 टन हो गया। वित्त वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों में चीन से आयात की मात्रा पिछले पूरे वित्त वर्ष के कुल आयात का लगभग 63 प्रतिशत रही।

कंपनी का निर्यात भी तिमाही के दौरान बढ़ा। इसमें तिमाही-दर-तिमाही आधार पर 20 प्रतिशत और सालाना आधार पर 36 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी ने दक्षिण कोरिया, कोलंबिया, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील और जापान जैसे उभरते बाजारों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने पर जोर दिया।

जिंदल स्टेनलेस के प्रबंध निदेशक अभ्युदय जिंदल ने कहा कि कंपनी ने दूसरी तिमाही में वृद्धि दर्ज की है। पहली तिमाही में भू-राजनीतिक संकट के कारण परिचालन प्रभावित हुआ था, जिसके बाद अब सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि मजबूत घरेलू मांग, आर्थिक वृद्धि और उत्पादों की जीवन चक्र लागत के प्रति बढ़ती जागरूकता ने प्रदर्शन को समर्थन दिया।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments