रायपुर, 25 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शनिवार को जापान के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर निवेश, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विस्तार के अवसरों पर चर्चा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में हुई इस बैठक में साय ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए राज्य में निवेश की संभावनाओं और औद्योगिक विकास के विभिन्न आयामों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
मुख्यमंत्री ने अपने जापान प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि उद्योगोन्मुखी और निवेश प्रोत्साहनकारी नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बनता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जापान की उन्नत तकनीकी विशेषज्ञता राज्य के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
साय ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के निवेश और सहयोग से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
अधिकारियों ने बताया कि जापान के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में निवेश के लिए अनुकूल और पारदर्शी वातावरण बना है, जिससे उद्योग विस्तार की बेहतर संभावनाएं उभरी हैं। उन्होंने (जापानी प्रतिनिधिमंडल ने) प्रदेश में निवेश बढ़ाने की इच्छा भी जताई।
बैठक में मुख्यमंत्री के सचिव पी दयानंद, एफएसएनएल के निदेशक युकीहिरो मोमोसे, कोनोइके ट्रांसपोर्ट के कार्यकारी अधिकारी तोशिहिरो फुजिवारा, एफएसएनएल के प्रबंध निदेशक सुनील कुमार दीक्षित और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के पूर्व चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) के डी दीवान मौजूद थे।
भाषा संजीव रवि कांत योगेश पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.