scorecardresearch
Sunday, 8 March, 2026
होमदेशअर्थजगतआईओसी के प्रोजेक्ट स्प्रिंट के नतीजे दिखने शुरू, कंपनी ने खुदरा क्षेत्र में अपना दबदबा बढ़ाया

आईओसी के प्रोजेक्ट स्प्रिंट के नतीजे दिखने शुरू, कंपनी ने खुदरा क्षेत्र में अपना दबदबा बढ़ाया

Text Size:

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) के ‘प्रोजेक्ट स्प्रिंट’ ने रिफाइनरियों में बेहतर परिचालन प्रदर्शन के साथ परिणाम दिखाना शुरू कर दिया है और कंपनी ईंधन खुदरा विस्तार में नेतृत्व की स्थिति फिर से हासिल कर रही है। कंपनी के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी ने यह जानकारी दी।

देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी ने अप्रैल में ‘प्रोजेक्ट स्प्रिंट’ की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य कंपनी को भविष्य के लिए तैयार बनाना है।

यह परियोजना वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य में हो रहे बदलावों के अनुरूप व्यवसायों को ढालने और कंपनी को प्रासंगिक तथा लाभदायक बनाए रखने पर केंद्रित है।

कंपनी की वार्षिक शेयरधारक बैठक को संबोधित करते हुए साहनी ने कहा, ”बदलते ऊर्जा परिदृश्य में नेतृत्व बनाए रखने के लिए, कंपनी को गति और चपलता के साथ आगे बढ़ना चाहिए और इस नजरिये के साथ हमने चालू वित्त वर्ष की शुरुआत में प्रोजेक्ट स्प्रिंट पेश किया।”

उन्होंने कहा, ”स्प्रिंट हमारी प्रतिस्पर्धात्मकता को तेज करने और दीर्घकालिक मूल्य बनाने के लिए हमारा परिवर्तन ढांचा है।”

साहनी ने कहा, ”परिणाम पहले से ही दिखाई दे रहे हैं। हमारे आंतरिक आकलन के आधार पर, हमारी एक रिफाइनरी प्रतिष्ठित सोलोमन बेंचमार्किंग सूचकांक में क्वाड्राइल-1 की वैश्विक रैंकिंग हासिल करने वाली भारत की पहली सार्वजनिक क्षेत्र की रिफाइनरी बनने की राह पर है।”

उन्होंने कहा, ”खुदरा कारोबार में, अप्रैल 2025 से शुरू किए गए पीएसयू तेल विपणन कंपनियों के नये आउटलेट में लगभग आधे आईओसी के हैं, जिससे शहरी केंद्रों और राजमार्गों पर हमारी उपस्थिति मजबूत हुई है।”

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments