नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) अवसंरचना निवेश ट्रस्ट (इनविट) ने वित्त वर्ष 2025-26 में यूनिटधारकों को करीब 22,800 करोड़ रुपये का वितरण किया।
भारत इनविट एसोसिएशन (बीआईए) ने मंगलवार को जारी बयान में कहा, ‘‘ वित्त वर्ष 2025-26 में इनविट ने 22,769 करोड़ रुपये का वितरण किया जिससे स्थापना के बाद से कुल वितरण 91,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।’’
इसके दौरान इनके प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) भी 2024-25 के 6.3 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में 7.1 लाख करोड़ रुपये हो गईं।
वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग दो लाख नए यूनिटधारकों के जुड़ने से सूचीबद्ध इनविट का कुल यूनिटधारक आधार 64 प्रतिशत बढ़ा।
एसोसिएशन ने कहा, ‘‘ यह वृद्धि इनविट के प्रति बढ़ती जागरूकता एवं स्वीकार्यता को दर्शाती है, विशेषकर उन खुदरा निवेशकों के बीच जो बुनियादी ढांचा परिसंपत्तियों से दीर्घकालिक और स्थिर आय की तलाश में हैं।’’
वित्त वर्ष 2025-26 में इनविट ने शेयर के माध्यम से 1.97 लाख करोड़ रुपये जुटाए जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 1.75 लाख करोड़ रुपये था।
उद्योग का कुल सकल ऋण 31 मार्च, 2026 तक 3.35 लाख करोड़ रुपये रहा।
भारत इनविट एसोसिएशन (बीआईए), देश में इनविट का शीर्ष उद्योग निकाय है। यह नियामकों, संस्थागत निवेशकों, अत्यधिक धनाढ्य लोगों और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर पूंजी बाजार के माध्यम से बुनियादी ढांचा वित्तपोषण के भविष्य को आकार देने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करता है।
भाषा निहारिका अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.