scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशअर्थजगतउद्योग अनुकूल नीतियां महाराष्ट्र को वैश्विक निवेश केंद्र बना रही: फडणवीस

उद्योग अनुकूल नीतियां महाराष्ट्र को वैश्विक निवेश केंद्र बना रही: फडणवीस

Text Size:

मुंबई, 23 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उद्योग अनुकूल नीतियों के कारण राज्य एक वैश्विक निवेश केंद्र के रूप में उभर रहा है और विदेशी निवेशकों के लिए पसंदीदा गंतव्य बना हुआ है।

फडणवीस ने यह बात दक्षिण मुंबई स्थित अपने आधिकारिक निवास ‘वर्षा’ में भारत में डेनमार्क के राजदूत रासमुस अबिल्डगार्ड क्रिस्टेंसन से मुलाकात के दौरान कही।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बैठक में बंदरगाह, पोत परिवहन, ऊर्जा और जल प्रबंधन के क्षेत्रों में संभावनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र को देश का वृद्धि इंजन बताते हुए कहा कि सक्रिय नीतिगत कदमों से वैश्विक कंपनियों को आकर्षित करने में मदद मिली है और अंतरराष्ट्रीय निवेश परिदृश्य में राज्य की स्थिति मजबूत हुई है।

बैठक के दौरान देवेंद्र फडणवीस ने डेनमार्क के प्रतिनिधिमंडल को पालघर जिले में प्रस्तावित वधावन बंदरगाह परियोजना की जानकारी दी।

उन्होंने इसे एक परिवर्तनकारी परियोजना बताते हुए कहा कि यह परियोजना भारत की समुद्री क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ परिवहन व्यवस्था और निर्यात प्रतिस्पर्धा को मजबूत कर सकती है।

उन्होंने कहा कि राज्य जल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना पर काम कर रहा है, जिसमें जल टैक्सी और बिजली से चलने वाली नौकाओं की योजना शामिल है। इसके लिए एकीकृत और बेहतर व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। महाराष्ट्र इस क्षेत्र में डेनमार्क की अग्रणी कंपनियों के साथ साझेदारी का इच्छुक है।

क्रिस्टेंसन ने कहा कि डेनमार्क ने तटीय और कम दूरी की नौका सेवाओं में बिजली आधारित प्रौद्योगिकियों का सफल उपयोग किया है, जिसे मुंबई-कोंकण तट पर अपनाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में मुंबई और पुणे के आसपास निर्माण, खुदरा, सेवा और पोत परिवहन जैसे क्षेत्रों में डेनमार्क की लगभग 60 कंपनियां काम कर रही हैं।

भाषा योगेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments