scorecardresearch
Friday, 30 October, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.27 अरब डॉलर घटकर 719.75 अरब डॉलर पर

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.27 अरब डॉलर घटकर 719.75 अरब डॉलर पर

Text Size:

मुंबई, 30 अक्टूबर (भाषा) देश का विदेशी मुद्रा भंडार 30 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 1.27 अरब डॉलर और गिरकर 719.75 अरब डॉलर रह गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

इससे पहले 16 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 5.01 अरब डॉलर घटकर 721.01 अरब डॉलर रहा था।

प्रवासी भारतीयों की जमा पर विशेष रियायती अदला-बदली योजना (एफसीएनआर-बी) के तहत बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा आने से चार सितंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार अपने उच्चतम स्तर 785.71 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। इस योजना के जरिये बैंकों ने करीब 133 अरब डॉलर की रिकॉर्ड राशि जुटाई। हालांकि, योजना बंद होने के बाद से विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार गिरावट आ रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार, एफसीएनआर (बी) संसाधनों का इस्तेमाल और डॉलर की बिक्री के जरिये आरबीआई की ओर से रुपये को संभालने के लिए किए गए प्रयासों के कारण विदेशी मुद्रा भंडार में तेज गिरावट आई है।

केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, 23 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 1.35 अरब डॉलर बढ़कर 593.20 अरब डॉलर हो गईं।

डॉलर के संदर्भ में व्यक्त विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है।

आरबीआई ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 2.65 अरब डॉलर घटकर 103.15 अरब डॉलर रह गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 27 लाख डॉलर बढ़कर 18.60 अरब डॉलर हो गए।

आरबीआई के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में देश का आरक्षित जमा 40 लाख डॉलर घटकर 4.78 अरब डॉलर रह गया।

भाषा निहारिका प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments