scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशअर्थजगतभारतीय मूल की मंगला कुप्पा अमेरिका के श्रम मंत्रालय की सीआईओ नियुक्त

भारतीय मूल की मंगला कुप्पा अमेरिका के श्रम मंत्रालय की सीआईओ नियुक्त

Text Size:

(सीमा हाकू काचरू)

ह्यूस्टन, 31 मार्च (भाषा) भारतीय मूल की प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ मंगला कुप्पा को अमेरिका के श्रम मंत्रालय का मुख्य सूचना अधिकारी (सीआईओ) नियुक्त किया गया है। वह पिछले वर्ष अक्टूबर से कार्यवाहक के रूप में यह जिम्मेदारी संभाल रही थीं और अब औपचारिक रूप से उनकी नियुक्ति कर दी गई है।

कुप्पा मंत्रालय की मुख्य कृत्रिम मेधा (एआई) अधिकारी भी हैं। उनकी नियुक्ति इसी महीने की शुरुआत में की गई। वह एजेंसी में सूचना प्रौद्योगिकी रणनीति, डिजिटल रूपांतरण और एआई के उपयोग की निगरानी जारी रखेंगी।

अपनी नियुक्ति की पुष्टि करते हुए कुप्पा ने पेशेवर मंच ‘लिंक्डइन’ पर लिखा कि वह ‘‘ सेवा जारी रखने व बदलाव लाने का अवसर मिलने के लिए आभारी’’ हैं।

प्रौद्योगिकी क्षेत्र की वरिष्ठ अधिकारी कुप्पा के पास 25 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने मंत्रालय के आधुनिकीकरण कार्यक्रम को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

वह 2010 में श्रम मंत्रालय से जुड़ी थीं और तब से वह मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी और ‘बिजनेस एप्लीकेशन सर्विसेज’ की निदेशक सहित कई वरिष्ठ पदों पर काम कर चुकी हैं। इससे पहले वह एक दशक से अधिक समय तक श्रम सांख्यिकी ब्यूरो के साथ काम कर चुकी हैं।

कुप्पा ने एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। उनकी नियुक्ति अमेरिका की सरकार में प्रौद्योगिकी नेतृत्व के प्रमुख पदों पर भारतीय मूल के पेशेवरों की बढ़ती उपस्थिति को भी दर्शाती है।

भाषा निहारिका

निहारिका

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments