नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) अमेरिका और चीन के बीच का व्यापार युद्ध भारतीय निर्यातकों के लिए फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि इससे अमेरिकी बाजार में भारतीय निर्यात बढ़ने की उम्मीद है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्र ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान जब अमेरिका ने चीनी वस्तुओं पर उच्च शुल्क लगाया था, तो उस दौरान भारत चौथा सबसे बड़ा लाभ पाने वाला देश था।
एक सूत्र ने कहा, ‘‘इस व्यापार युद्ध से भारत को लाभ मिलने की संभावना है। भारत से निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।’’
निर्यातकों ने यह भी कहा है कि चीन से आयात पर अमेरिका द्वारा सीमा शुल्क लगाए जाने से भारत को अमेरिका में निर्यात के लिए बहुत अवसर मिलेंगे।
शुल्क लगाए जाने से चीन से अमेरिका को होने वाले निर्यात पर असर पड़ेगा क्योंकि इससे अमेरिकी बाजार में उनके सामान की कीमतें बढ़ जाएंगी, जिससे वे कम प्रतिस्पर्धी हो जाएंगे।
भारतीय निर्यातक संगठनों के महासंघ (फियो) के महानिदेशक अजय सहाय ने कहा, ‘‘यह कदम भारतीय निर्यात के लिए अवसर पैदा कर सकता है, क्योंकि अमेरिकी खरीदार उच्च लागत से बचने के लिए वैकल्पिक आपूर्तिकर्ताओं की तलाश करेंगे।’
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.