चेन्नई, 18 अगस्त (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं नागर विमानन राज्यमंत्री जनरल वी के सिंह ने शुक्रवार को कहा कि विकास और बुनियादी ढांचे पर केंद्र के ध्यान देने के कारण भारत पर विभिन्न देशों का भरोसा बढ़ा है, जो यहां निवेश करने के लिए आगे आए हैं।
उन्होंने कहा कि भारत में जिस तरह का माहौल बनाया जा रहा है, उससे देश वैश्विक निवेश के लिए आदर्श गंतव्य बन गया है। उन्होंने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और जीवन में आगे बढ़ने की अपील की।
यहां वेल्लोर प्रौद्योगिकी संस्थान (वीआईटी) के 38वें दीक्षांत समारोह में उन्होंने कहा, “देश के 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 62 विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 162 देशों ने निवेश किया है। यह इन देशों के भारत पर बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।’’
उन्होंने कहा, “इसलिए, आपको इस अवसर का लाभ उठाने के लिए कठोर परिश्रम करना चाहिए।”
उन्होंने स्टार्टअप के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने में केंद्र के प्रयासों के बारे में भी बताया।
गाजियाबाद क्षेत्र से सांसद सिंह ने कहा, “सफलता का कोई छोटा रास्ता नहीं होता है। यह हमारी प्रतिबद्धता, कठोर परिश्रम और ज्ञान पर निर्भर करता है।”
दीक्षांत समारोह में 2023 सत्र से कुल 8,619 स्नातकों और स्नातकोत्तरों के अलावा 278 शोधार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं।
भाषा अनुराग अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
