scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत और कतर ने व्यापार बढ़ाने, आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करने के उपायों पर की चर्चा

भारत और कतर ने व्यापार बढ़ाने, आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करने के उपायों पर की चर्चा

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) भारत और कतर ने द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने एवं आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की है। पश्चिम एशिया संकट के कारण प्रभावित हुई आपूर्ति श्रृंखलाओं के बीच यह बातचीत हुई है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और कतर के विदेश व्यापार मंत्री अहमद बिन मोहम्मद अल सईद ने ऑनलाइन बातचीत की।

गोयल ने इसकी जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘ हमने द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश संबंधों को और मजबूत करने तथा आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। हमें उम्मीद है कि आने वाले समय में हमारी रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी।’’

दोनों देशों के बीच 2024-25 में द्विपक्षीय व्यापार 14 अरब अमेरिकी डॉलर रहा जिसे दोनों पक्षों ने 2030 तक दोगुना करने का लक्ष्य रखा है।

वे व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) के लिए बातचीत पर भी गौर कर रहे हैं।

गोयल ने हाल ही में खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के अन्य सदस्य देशों के व्यापार मंत्रियों के साथ भी व्यापार और आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की थी। इसमें सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और कुवैत शामिल हैं।

ये सभी देश खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के सदस्य हैं जिनके साथ भारत मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत कर रहा है।

अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमले के कारण अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्रों में, खासकर पश्चिम एशियाई देशों के लिए जाने वाले मालवाहक जहाजों की आवाजाही गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं।

इस संघर्ष ने खाड़ी क्षेत्र को निर्यात करने वाले निर्यातकों के लिए चुनौतियां उत्पन्न की हैं। भारत का 2024-25 में इस क्षेत्र के साथ द्विपक्षीय व्यापार 178 अरब डॉलर रहा था। इसमें 56.87 अरब डॉलर का निर्यात और 121.67 अरब डॉलर आयात शामिल है।

भाषा निहारिका रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments