scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशअर्थजगतप्रमुख पेट्रोरसायन उत्पादों पर जून तक आयात शुल्क में छूट, 1,800 करोड़ रुपये का पड़ेगा बोझ

प्रमुख पेट्रोरसायन उत्पादों पर जून तक आयात शुल्क में छूट, 1,800 करोड़ रुपये का पड़ेगा बोझ

Text Size:

नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) सरकार ने बृहस्पतिवार को महत्वपूर्ण पेट्रोरसायन उत्पादों के आयात पर तीन महीने यानी 30 जून तक सीमा शुल्क से छूट देने की बृहस्पतिवार को घोषणा की। पश्चिम एशिया में संकट के बीच आपूर्ति स्थिरता सुनिश्चित करने एवं उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

इससे प्लास्टिक, पैकेजिंग, वस्त्र, दवा, रसायन, मोटर वाहन कलपुर्जे तथा अन्य विनिर्माण क्षेत्रों जैसे पेट्रोरसायन कच्चा माल और मध्यवर्ती वस्तुओं पर निर्भर उद्योगों को लाभ मिलेगा।

एक अधिकारी ने कहा कि इस ‘अस्थायी और लक्षित राहत’ से सरकारी खजाने पर लगभग 1,800 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा, लेकिन इससे मूल्य स्थिरता, उत्पादन और आपूर्ति श्रृंखला में निरंतरता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

वित्त मंत्रालय ने बयान में कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उससे वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में उत्पन्न व्यवधान को देखते हुए सरकार ने 30 जून तक महत्वपूर्ण पेट्रोरसायन उत्पादों पर पूर्ण सीमा शुल्क छूट देने का फैसला किया है।

मंत्रालय ने कहा कि यह कदम एक अस्थायी एवं लक्षित राहत उपाय के रूप में उठाया गया है, ताकि घरेलू उद्योग के लिए आवश्यक पेट्रोरसायन कच्चे माल की उपलब्धता बनी रहे और प्रसंस्करण क्षेत्रों पर लागत का दबाव कम हो तथा देश में आपूर्ति स्थिरता सुनिश्चित की जा सके।

इससे अंतिम उत्पादों के उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी।

मेथनॉल, एनहाइड्रस अमोनिया, टॉलुइन, स्टाइरीन, डाइक्लोरोमिथेन (मेथिलीन क्लोराइड), विनाइल क्लोराइड मोनोमर, पॉली ब्यूटाडाइन, स्टाइरीन ब्यूटाडाइन और अनसैचुरेटेड पॉलिएस्टर रेजिन को सीमा शुल्क छूट दी गई है।

पश्चिम एशिया युद्ध के कारण पोत परिवहन मार्गों में व्यवधान से उर्वरक, कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के आयात को लेकर चिंता बढ़ गई है। भारत उर्वरक एवं पेट्रोलियम का बड़ा आयातक है।

अमेरिका और इजराइल के 28 फरवरी को ईरान पर सैन्य हमले शुरू करने और तेहरान की व्यापक जवाबी कार्रवाई के बाद वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

सरकार ने पिछले सप्ताह वैश्विक कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के असर से उपभोक्ताओं को बचाने के लिए पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क 10 रुपये प्रति लीटर घटा दिया था। साथ ही डीजल पर 21.50 रुपये प्रति लीटर और विमान ईंधन (एटीएफ) पर 29.50 रुपये प्रति लीटर का निर्यात शुल्क लगाया गया है।

फिलहाल पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क तीन रुपये प्रति लीटर और डीजल पर शून्य है।

सरकार ने बुधवार को एसईजेड (विशेष आर्थिक क्षेत्र) इकाइयों को अपने निर्यात कारोबार का 30 प्रतिशत तक घरेलू बाजार में बेचने की अनुमति दी। वैश्विक व्यापार बाधाओं के कारण एसईजेड में मौजूदा इकाइयों पर पड़ रहे दबाव को कम करने के लिए यह एक बारगी राहत के रूप कदम उठाया गया है।

भाषा रमण अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments