scorecardresearch
Wednesday, 28 October, 2026
होमदेशअर्थजगतएचयूएल का दूसरी तिमाही का लाभ 2,796 करोड़ रुपये पर स्थिर

एचयूएल का दूसरी तिमाही का लाभ 2,796 करोड़ रुपये पर स्थिर

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर (भाषा) दैनिक उपयोग के उपभोक्ता सामान (एफएमसीजी) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 2,796 करोड़ रुपये पर स्थिर रहा। इसमें 273 करोड़ रुपये का एकमुश्त कर लाभ शामिल है।

वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 2,791 करोड़ रुपये रहा था।

एचयूएल ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उत्पादों की बिक्री से कंपनी का राजस्व 14.77 प्रतिशत बढ़कर 18,037 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 15,715 करोड़ रुपये था।

कंपनी के अनुसार, कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) सालाना आधार पर आठ प्रतिशत बढ़कर 4,089 करोड़ रुपये हो गई। कंपनी का ईबीआईटीडीए मार्जिन 22.6 प्रतिशत रहा, जो कंपनी द्वारा तय सीमा के भीतर है।

असाधारण मदों से पहले शुद्ध लाभ सालाना आधार पर नौ प्रतिशत बढ़ा।

कंपनी ने कहा, ‘‘ उक्त अवधि में 273 करोड़ रुपये के एकमुश्त कर संबंधी लाभ को असाधारण मदों में शामिल किए जाने के कारण कर बाद लाभ 2,796 करोड़ रुपये पर स्थिर रहा।’’

समीक्षाधीन तिमाही में एचयूएल का कुल खर्च सालाना आधार पर 15.8 प्रतिशत बढ़कर 14,574 करोड़ रुपये हो गया। अन्य आय सहित कंपनी की कुल आय दूसरी तिमाही में 14.44 प्रतिशत बढ़कर 18,386 करोड़ रुपये रही।

एचयूएल की मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक (सीईओ एवं एमडी) प्रिया नायर ने कहा, ‘‘भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है और व्यापक आर्थिक संकेतक खपत के अनुकूल माहौल का समर्थन कर रहे हैं। हम दीर्घकालिक क्षमताएं विकसित करने में निवेश जारी रखे हुए हैं और प्रतिस्पर्धी, मात्रा आधारित लाभ वृद्धि देने की ‘न्यू इंडिया में जीत’ रणनीति पर कायम हैं।’’

चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में एचयूएल की कुल एकीकृत आय 12.15 प्रतिशत बढ़कर 35,915 करोड़ रुपये रही।

इसके अलावा, एचयूएल के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 19 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम लाभांश की बुधवार को घोषणा की।

भाषा निहारिका

निहारिका

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments