नयी दिल्ली, 10 नवंबर (भाषा) हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (हडको) ने सोमवार को बताया कि चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में उसका शुद्ध लाभ तीन प्रतिशत बढ़कर 710 करोड़ रुपये हो गया।
सार्वजनिक क्षेत्र की इस कंपनी ने एक साल पहले इसी अवधि में 689 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
हुडको ने शेयर बाजार को बताया कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर 2,526 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,251 करोड़ रुपये हो गई।
कंपनी ने दूसरी तिमाही में 3,197 करोड़ रुपये की ब्याज आय अर्जित की, जो एक साल पहले 1,844 करोड़ रुपये थी।
समीक्षाधीन तिमाही के दौरान खर्च भी बढ़कर 2,296 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 1,526 करोड़ रुपये था।
हुडको के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने कहा कि कंपनी को उम्मीद है कि सरकार के बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर देने के कारण चालू वर्ष में उसकी वृद्धि दर 25 प्रतिशत से अधिक रहेगी।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.