नयी दिल्ली, 20 नवंबर (भाषा) जीएसटी अधिकारियों ने हरियाणा के रेवाड़ी में एक पान मसाला विनिर्माण इकाई द्वारा 116 करोड़ रुपये के उपकर की चोरी के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
इकाई का संचालन करने वाली फर्म ने अपनी चालू मशीनों की घोषणा नहीं की थी, जो ‘स्वास्थ्य सुरक्षा से राष्ट्रीय सुरक्षा’ (एचएसएनएस) उपकर अधिनियम, 2025 के तहत एक अपराध है।
वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि चार पाउच-पैकिंग मशीनों के मालिक और संचालक एक व्यक्ति को केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) फरीदाबाद आयुक्तालय ने गिरफ्तार किया है।
विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर सीजीएसटी फरीदाबाद आयुक्तालय ने 16 नवंबर को हरियाणा के रेवाड़ी में रामगढ़ रोड स्थित एक फर्म के परिसर में तलाशी ली। उन्हें संदेह था कि एचएसएनएस उपकर का भुगतान किए बिना पान मसाला का निर्माण किया जा रहा था।
मंत्रालय ने कहा, ”एचएसएनएस उपकर अधिनियम, 2025 के अनुसार न चुकाई गई या चोरी की गई उपकर की राशि 116.48 करोड़ रुपये है।”
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.