scorecardresearch
Tuesday, 4 August, 2026
होमदेशअर्थजगतगोयल के जी-20 व्यापार मंत्रियों की बैठक में शामिल होने अगले महीने अमेरिका जाने की संभावना

गोयल के जी-20 व्यापार मंत्रियों की बैठक में शामिल होने अगले महीने अमेरिका जाने की संभावना

Text Size:

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल सितंबर के अंत में अमेरिका के मिलवॉकी में होने वाली जी-20 व्यापार मंत्रिस्तरीय बैठक में शामिल हो सकते हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

जी-20 देशों के व्यापार मंत्रियों की यह दो-दिवसीय बैठक विस्कॉन्सिन राज्य के मिलवॉकी में 30 सितंबर से शुरू होगी। वर्ष 2026 के लिए जी20 की अध्यक्षता अमेरिका के पास है।

अधिकारी ने कहा कि गोयल इस बैठक के इतर अपने समकक्ष मंत्रियों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकों में भी शामिल होंगे। इस दौरान व्यापार और निवेश बढ़ाने के उपायों पर चर्चा होगी।

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) जैमीसन ग्रीर ने मई में कहा था कि इस मंत्रिस्तरीय बैठक में बंधुआ मजदूरी समाप्त करने, ‘सर्वाधिक-तरजीही राष्ट्र’ (एमएफएन) सिद्धांत को अद्यतन करने, खाद्य व्यापार का इस्तेमाल हथियार के तौर पर करने की प्रवृत्ति और वैश्विक उत्पादन में असंतुलन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 14-15 दिसंबर को फ्लोरिडा के मियामी स्थित ट्रंप नेशनल डोरल में जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे।

गोयल की यह यात्रा ऐसे समय होने वाली है जब भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर बातचीत कर रहे हैं। फरवरी में दोनों देशों ने समझौते के पहले चरण के ढांचे को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments