नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) सरकार ने अगले पांच-छह साल में ‘जेनेसिस’ कार्यक्रम के तहत 10,000 से अधिक स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने की योजना बनाई है।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव अलकेश कुमार शर्मा ने मंगलवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि अधिकांश स्टार्टअप के लिए वित्त का इंतजाम करना कोई मसला नहीं है और वे विभिन्न तरीकों से वृद्धि पर जोर दे रही हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘वित्तपोषण कोई मसला ही नहीं है। अब हम अगले चरण की तरफ बढ़ रहे हैं जहां जेनेसिस आने वाला है। हम यह कार्यक्रम शुरू करने जा रहे हैं। अगले पांच-छह वर्षों में हम 10,000 से अधिक स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने जा रहे हैं।’’
शर्मा ने स्टार्टअप कंपनियों के सामने वित्तपोषण की कमी की आशंका को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में यह बात कही।
सरकार ने गत जुलाई में डिजिटल इंडिया जेनेसिस कार्यक्रम की घोषणा की थी। नवाचारी स्टार्टअप के लिए अगली पीढ़ी के समर्थन कार्यक्रम ‘जेनेसिस’ के लिए 750 करोड़ रुपये का कोष आवंटित किया गया है।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.