scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशअर्थजगतसोना 600 रुपये बढ़कर 1,00,770 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी 3,000 रुपये उछली

सोना 600 रुपये बढ़कर 1,00,770 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी 3,000 रुपये उछली

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) कमजोर रुपये और मजबूत वैश्विक रुझानों के समर्थन से मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 600 रुपये बढ़कर 1,00,770 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।

99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत सोमवार को 1,00,170 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।

99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 500 रुपये बढ़कर 1,00,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गया, जो पिछली बार 99,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

चांदी की कीमतें 3,000 रुपये बढ़कर 1,18,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गईं। सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, सोमवार को चांदी की कीमत 1,15,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा फेडरल रिजर्व की गवर्नर लिसा कुक को हटाने के फैसले के बाद निवेशकों द्वारा पारंपरिक सुरक्षित निवेश की तलाश के कारण मंगलवार को सोने की कीमतों में तेजी आई। इस फैसले के कारण केंद्रीय बैंक की स्वतंत्रता को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं।’’

गांधी ने आगे कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के इस कदम ने फेडरल रिजर्व के नेतृत्व पर ब्याज दरों को जल्द कम करने का अतिरिक्त दबाव डाला है।

वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में हाजिर सोना 0.37 प्रतिशत बढ़कर 3,378.37 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है। हालांकि, हाजिर चांदी 0.21 प्रतिशत गिरकर 38.48 डॉलर प्रति औंस रह गई।

भाषा राजेश राजेश पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments