scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशअर्थजगतफेडरल रिजर्व के फैसले से पहले सोने का वायदा भाव लगातार चौथे दिन गिरा

फेडरल रिजर्व के फैसले से पहले सोने का वायदा भाव लगातार चौथे दिन गिरा

Text Size:

नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (भाषा) अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक बैठक के नतीजे आने के पहले निवेशकों के सतर्क रुख अपनाने के कारण बुधवार को सोना वायदा 176 रुपये गिरकर 1,19,470 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।

लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रखते हुए, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में दिसंबर आपूर्ति वाले सोने के वायदा भाव 176 रुपये यानी 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,19,470 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गए। इसमें कुल 13,116 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

हालांकि, चांदी वायदा में निचले दाम पर खरीदारी आने से तेजी देखी गई। दिसंबर आपूर्ति वाले चांदी के वायदा भाव 451 रुपये यानी 0.31 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,44,793 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गए। इसमें 20,331 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

वैश्विक स्तर पर, दिसंबर आपूर्ति के लिए कॉमेक्स सोना वायदा 15.9 डॉलर यानी 0.4 प्रतिशत गिरकर 3,967.2 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। यह लगातार चौथे दिन गिरावट का संकेत है।

रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने कहा, ‘‘बुधवार को सोने की वायदा कीमतें 3,970 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रही थीं, क्योंकि ध्यान फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में अपेक्षित कटौती पर केंद्रित था।’’

उन्होंने कहा कि व्यापारी मौद्रिक नीति के भविष्य के बारे में फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पॉवेल के संकेतों पर भी नज़र रख रहे हैं। बाजार को पहले ही दिसंबर में ब्याज दरों में एक और कटौती की उम्मीद थी।

त्रिवेदी ने कहा, ‘‘निवेशक अमेरिका-चीन व्यापार में संभावित सफलता की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं। इस समझौते से सुरक्षित निवेश की मांग में और कमी आ सकती है।’’

कॉमेक्स में दिसंबर आपूर्ति वाला चांदी वायदा 0.32 प्रतिशत बढ़कर 47.47 डॉलर प्रति औंस हो गया।

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा अमेरिकी शुल्क में और वृद्धि रोकने और दुर्लभ पृथ्वी तत्वों के निर्यात पर चीनी बंदिशों में ढील देने के उद्देश्य से एक मसौदा समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।

भाषा राजेश राजेश प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments