scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशअर्थजगतफरवरी में अमेरिका को निर्यात 13 प्रतिशत घटा, चीन के साथ व्यापार घाटा 100 अरब डॉलर के पार

फरवरी में अमेरिका को निर्यात 13 प्रतिशत घटा, चीन के साथ व्यापार घाटा 100 अरब डॉलर के पार

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) फरवरी महीने में अमेरिका को भारतीय निर्यात सालाना आधार पर 12.88 प्रतिशत घटकर 6.88 अरब डॉलर रह गया जबकि चीन के साथ व्यापार घाटा चालू वित्त वर्ष के पहले 11 महीनों में 100 अरब डॉलर से अधिक हो गया। वाणिज्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।

देश का निर्यात पिछले साल सितंबर, अक्टूबर और दिसंबर में घटा था और इस साल जनवरी में भी इसमें गिरावट आई। हालांकि, नवंबर महीने में निर्यात 22.61 प्रतिशत बढ़ा था।

अमेरिका में अगस्त महीने से भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत तक शुल्क लगाया जा रहा था। लेकिन अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के फैसले में इस उच्च शुल्क को निरस्त कर दिए जाने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 24 फरवरी से सभी देशों पर 150 दिन के लिए 10 प्रतिशत शुल्क लागू कर दिया।

ऐसी स्थिति में अमेरिकी शुल्क में नरमी का प्रभाव मार्च महीने के व्यापार आंकड़ों में ही दिखाई देने की संभावना है।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी में अमेरिका से भारत का आयात 36.53 प्रतिशत बढ़कर 4.48 अरब डॉलर हो गया।

चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-फरवरी अवधि में अमेरिका को भारत का निर्यात 3.84 प्रतिशत बढ़कर 79.29 अरब डॉलर रहा। इस दौरान अमेरिका से आयात 15.65 प्रतिशत बढ़कर 48.4 अरब डॉलर हो गया।

फरवरी में चीन को भारत का निर्यात 32.37 प्रतिशत बढ़कर 1.67 अरब डॉलर रहा, जबकि वहां से आयात 30.49 प्रतिशत बढ़कर 11.95 अरब डॉलर हो गया।

अप्रैल-फरवरी अवधि में चीन को निर्यात 37.66 प्रतिशत बढ़कर 17.54 अरब डॉलर रहा, जबकि आयात 15.21 प्रतिशत बढ़कर 119.55 अरब डॉलर हो गया। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार घाटा 102.01 अरब डॉलर तक पहुंच गया।

आंकड़ों के मुताबिक, पिछले महीने भारत के निर्यात में जर्मनी, हांगकांग, इटली, नेपाल, फ्रांस, ब्राजील, स्पेन, बेल्जियम, मलेशिया और वियतनाम जैसे बाजारों में वृद्धि दर्ज की गई।

हालांकि, ब्रिटेन, नीदरलैंड, सऊदी अरब, बांग्लादेश, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका को निर्यात में गिरावट आई।

आयात के मोर्चे पर फरवरी में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), रूस, जर्मनी, थाइलैंड और कतर से होने वाले आयात में कमी आई। लेकिन सऊदी अरब, इराक, स्विट्जरलैंड, सिंगापुर, हांगकांग, जापान, दक्षिण कोरिया और इंडोनेशिया से आयात बढ़ा।

भारत सोने का आयात मुख्य रूप से स्विट्जरलैंड से करता है। फरवरी में वहां से स्वर्ण आयात करीब सात गुना होकर 2.71 अरब डॉलर हो गया।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments