(लक्ष्मी देवी ऐरे)
नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा ने मंगलवार को कहा कि गन्ने की फसल के लिए बेहतरीन संभावनाएं हैं।
उन्होंने साथ ही केवल अपने संयंत्रों से निर्यात करने की इच्छुक मिलों को निर्यात कोटा आवंटित करने पर उद्योग संगठनों से आम सहमति बनाने की अपील की।
चोपड़ा ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘हमने उद्योग जगत के विचार मांगे हैं। उन्हें आपस में आम सहमति बनानी चाहिए और फिर हमारे पास आना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह नहीं कह सकता कि कोई आम सहमति नहीं है, लेकिन हमें उनसे कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। एक बार आम सहमति बन जाए, तो हम सभी बिंदुओं की जांच कर सकते हैं और फिर एक व्यापक नजरिया अपना सकते हैं।’’
चीनी निर्यात इस समय अंकुश की श्रेणी में है, और सरकार मिलों के बीच आनुपातिक रूप से वितरित कोटा के आधार पर मात्रा को नियंत्रित करती है।
अखिल भारतीय चीनी व्यापार संघ (एआईएसटीए) ने हाल ही में कहा था कि मौजूदा कोटा प्रणाली के चलते बड़ी मात्रा में चीनी निर्यात नहीं हो पाता है। इसके तहत पिछले उत्पादन के आधार पर सभी मिलों को निर्यात के लिए सीमित आवंटन दिया जाता है, जबकि दूरस्थ या निर्यात नहीं करने वाली मिलों को अपना कोटा दूसरों को बेचने की अनुमति देती है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
