नयी दिल्ली, एक अक्टूबर (भाषा) विमानन नियामक डीजीसीए ने देश में उड़ान प्रशिक्षण संगठनों की अपनी पहली रैंकिंग जारी की है। सूची में शामिल 35 संगठनों में से कोई भी ‘ए+’ और ‘ए’ जैसी शीर्ष रेटिंग हासिल नहीं कर पाया।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अनुसार, 35 उड़ान प्रशिक्षण संगठनों (एफटीओ) में से 13 को ‘बी’ और 22 को ‘सी’ रैंकिंग मिली है।
चार श्रेणियों के अंतर्गत एफटीओ का मूल्यांकन करने के लिए परिचालन पहलुओं, एफटीओ प्रदर्शन, सुरक्षा मानकों, अनुपालन मानकों और छात्रों को मदद को ध्यान में रखा जाता है।
इसमें 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक वाले एफटीओ को ‘ए+’ श्रेणी में और 70 प्रतिशत से 85 प्रतिशत से कम अंक वाले एफटीओ को ‘ए’ श्रेणी में रखा जाता है। इसके बाद 70 प्रतिशत से कम से 50 प्रतिशत अंक वाले एफटीओ ‘बी’ श्रेणी में और 50 प्रतिशत से कम अंक वाले एफटीओ ‘सी’ श्रेणी में आते हैं।
नियामक के अनुसार पांच एफटीओ को वर्तमान रैंकिंग से बाहर रखा गया है क्योंकि उनमें से चार ने अभी तक 18 महीने का परिचालन पूरा नहीं किया है और एक एफटीओ की स्वीकृति 31 अगस्त तक मान्य नहीं थी।
डीजीसीए ने मंगलवार को जारी सूची के साथ सार्वजनिक सूचना में कहा, ‘‘ श्रेणी ‘सी’ के अंतर्गत आने वाले एफटीओ को अपने प्रदर्शन में सुधार के लिए स्व-विश्लेषण हेतु डीजीसीए एक नोटिस भेजेगा।’’
एफटीओ पायलट और अन्य विमानन पेशेवरों को प्रशिक्षण प्रदान करते हैं।
यह रैंकिंग वर्ष में दो बार जारी की जाएगी। अगली रैंकिंग एक अप्रैल 2026 को जारी होगी।
भाषा निहारिका पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.