नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) दिल्ली-रेरा और रियल एस्टेट कंपनियों के संगठन नारेडको ने रियल एस्टेट, विनिर्माण और बुनियादी ढांचा क्षेत्र में हितधारकों की क्षमता निर्माण के लिए राष्ट्रीय रियल एस्टेट विकास संस्थान (एनआईआरईडी) शुरू करने के लिए करार किया है।
नारेडको ने बयान में कहा, ‘‘दिल्ली रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (दिल्ली-रेरा) और राष्ट्रीय रियल एस्टेट विकास परिषद (नारेडको) ने एनआईआरईडी शुरू करने के लिए करार किया है।’’
इस मंच का प्राथमिक उद्देश्य रियल एस्टेट और बुनियादी ढ़ांचा क्षेत्र में कार्यों की गुणवत्ता एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिए मानव संसाधन क्षमता का विकास तथा निर्माण करना है।
दिल्ली-रेरा के चेयरमैन आनंद कुमार ने कहा, ‘‘इस भागीदारी का लक्ष्य रियल एस्टेट विकास के लिए एक राष्ट्रीय संस्थान स्थापित करना है। इसके साथ ही उद्योग में प्रवर्तकों, बिल्डरों, रियल एस्टेट एजेंटों, आवंटियों और अन्य सभी पक्षों के लिए प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की योजना बनाना और संचालित करना है।’’
भाषा रिया पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.