नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) दिल्ली सरकार ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को किसी गारंटी के बगैर कर्ज उपलब्ध कराने के लिए ‘क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट फॉर माइक्रो एंड स्मॉल एंटरप्राइजेज (सीजीटीएमएसई)’ के साथ साझेदारी की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह साझेदारी दिल्ली की आर्थिक वृद्धि में एक नया अध्याय जोड़ेगी, जिससे हजारों उद्यमियों को लाभ होगा।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत छोटे उद्यमी बिना किसी गारंटी के ही ऋण प्राप्त कर सकेंगे।
इस योजना में ऋण की गारंटी का प्रावधान दिल्ली सरकार और सीजीटीएमएसई के बीच संयुक्त रूप से साझा किया गया है।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्रस्तावित गारंटी संरचना के तहत विभिन्न श्रेणियों के उधारकर्ताओं को 95 प्रतिशत तक की गारंटी कवरेज दी जाएगी।
छोटे उद्यमों के लिए 10 करोड़ रुपये तक के ऋणों पर सीजीटीएमएसई का 75 प्रतिशत और दिल्ली सरकार का 20 प्रतिशत कवरेज होगा।
महिला उद्यमियों और अग्निवीरों द्वारा प्रोत्साहित एमएसएमई के लिए 10 करोड़ रुपये तक के ऋण पर सीजीटीएमएसई द्वारा 90 प्रतिशत और दिल्ली सरकार द्वारा पांच प्रतिशत गारंटी कवरेज प्रदान किया जाएगा।
वहीं, सूक्ष्म उद्यमों के लिए पांच लाख रुपये तक के ऋण पर सीजीटीएमएसई द्वारा 85 प्रतिशत और दिल्ली सरकार द्वारा 10 प्रतिशत गारंटी कवरेज दिया जाएगा।
इसके अलावा, पांच लाख से 10 करोड़ रुपये के बीच के ऋण पर सीजीटीएमएसई 75 प्रतिशत और दिल्ली सरकार 20 प्रतिशत गारंटी कवरेज देगी।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.