scorecardresearch
Friday, 23 October, 2026
होमदेशअर्थजगतहिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता पांच प्रतिशत बढ़ा

हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता पांच प्रतिशत बढ़ा

Text Size:

शिमला, 23 अक्टूबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दीपावली से पहले राज्य सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में पांच प्रतिशत बढ़ोतरी और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 10,000 रुपये अतिरिक्त देने की शुक्रवार को घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस संबंध में अधिसूचना शुक्रवार को जारी की जाएगी और बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता अक्टूबर के वेतन के साथ दिया जाएगा।

राज्य पर कर्ज का बोझ बढ़कर 1.20 लाख करोड़ रुपये होने के नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर के दावे पर तीखा हमला बोलते हुए सुक्खू ने कहा कि 22 अक्टूबर, 2026 तक राज्य पर कुल कर्ज 99,461 करोड़ रुपये था।

सुक्खू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत पूर्ववर्ती सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में 43,261 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था, जबकि उसे हर साल करीब 10,000 करोड़ रुपये का राजस्व घाटा अनुदान और जीएसटी मुआवजा भी मिला था।

उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने इस बीच 37,781 करोड़ रुपये का कर्ज लिया है।

राजस्व बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में सुक्खू ने कहा कि सरकार ने वाइल्ड फ्लावर हॉल मामले सहित लंबित कुछ मामलों में कानूनी लड़ाई जीती है और आबकारी नीति में बदलाव किया है। इसके परिणामस्वरूप राज्य तेजी से आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।

भाषा निहारिका रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments