नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) मीडिया कंपनी डीबी कॉर्प लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में 26.57 प्रतिशत घटकर 68.62 करोड़ रुपये रह गया।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को सितंबर तिमाही के इस नतीजे की जानकारी दी। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 93.46 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।
समीक्षाधीन तिमाही में डीबी कॉर्प की परिचालन आय 5.46 प्रतिशत घटकर 580.81 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 614.41 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने बयान में कहा, ‘‘पिछले साल नवरात्र का त्योहार दूसरी तिमाही में था, जबकि इस साल यह तीसरी तिमाही में है। त्योहार के समय में आए बदलाव के असर को हटाकर देखें तो दूसरी तिमाही में विज्ञापन आय और कर-पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) में एकल अंक में वृद्धि दर्ज की गई।’
कंपनी का कुल खर्च वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 2.55 प्रतिशत बढ़कर 521.41 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान कंपनी की कुल आय 3.21 प्रतिशत गिरकर 614.27 करोड़ रुपये रह गई।
डीबी कॉर्प देश की प्रमुख प्रिंट मीडिया कंपनियों में शामिल है। यह दैनिक भास्कर, दिव्य भास्कर, दिव्य मराठी और सौराष्ट्र समाचार का प्रकाशन करती है। इसके पास 94.3 माई एफएम रेडियो स्टेशन भी है।
भाषा यासिर प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.