चार मई (भाषा) तेल, साबुन जैसे दैनिक उपयोग के सामान बनाने वाली कंपनी डाबर इंडिया का मार्च 2023 को समाप्त चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ मामूली घटकर 292.76 करोड़ रुपये रहा।
डाबर इंडिया ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2021-22 की चौथी तिमाही में 294.34 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध मुनाफा अर्जित किया था।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2022-23 के लिए प्रति शेयर 2.70 रुपये का अंतिम लाभांश देने का प्रस्ताव किया है।
वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही में कंपनी की एकीकृत परिचालन आय एक साल पहले के 2,517.81 करोड़ रुपये के मुकाबले बढ़कर 2,677.8 करोड़ रुपये हो गयी।
पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 2,141.04 करोड़ रुपये की तुलना में कुल खर्च 31 मार्च, 2022 को समाप्त तिमाही में 2,402.08 करोड़ रुपये रहा।
डाबर इंडिया लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मोहित मल्होत्रा ने कहा, ‘‘ऐसे माहौल में जहां उच्च मुद्रास्फीति खपत को प्रभावित कर रही है, हम अपनी प्रमुख श्रेणियों में चौतरफा विकास के साथ अच्छी प्रगति कर रहे हैं।’’
पूरे वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ कम होकर 1,701.33 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले 1,742.3 करोड़ रुपये था।
कंपनी की परिचालन आय आलोच्य वित्त वर्ष में 11,529.89 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले 2021-22 में 10,888.68 करोड़ रुपये थी।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
