scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशअर्थजगतअडाणी समूह के बयान के बाद भी कंपनी के शेयरों में गिरावट जारी

अडाणी समूह के बयान के बाद भी कंपनी के शेयरों में गिरावट जारी

Text Size:

नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाषा) अडाणी समूह की ज्यादातर कंपनियों के शेयरों में सोमवार को भी गिरावट जारी रही। कंपनी ने हालांकि बाजार धारणा सकारात्मक बनाने का प्रयास किया और कहा कि उसकी वृद्धि योजनाएं कायम हैं, व्यापारिक योजनाएं पूरी तरह वित्त पोषित हैं और वह शेयर धारकों को लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध बना हुआ है।

अमेरिकी वित्तीय शोध कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की 24 जनवरी को जारी रिपोर्ट में अडाणी समूह पर धोखाधड़ी का आरोप लगाए जाने के बाद से समूह की सात कंपियों का बाजार मूल्य आधा रह गया है।

समूह ने हालांकि सभी आरोपों को खारिज कर दिया था।

समूह के प्रवक्ता ने कहा, “हमारी प्रत्येक स्वतंत्र कंपनी का लेखा-जोखा बहुत अच्छा है। हमारे पास उद्योग जगत की सबसे स्वस्थ विकास क्षमताएं, मजबूत कॉरपोरेट शासन, सुरक्षित संपत्ति, मजबूत नकदी प्रवाह है और हमारी कारोबारी योजनाएं पूरी तरह वित्तपोषित है।”

समूह ने वृद्धि लक्ष्य और पूंजीगत व्यय में कटौती की खबरों को खारिज कर दिया। “परियोजनाओं में देरी हो सकती है लेकिन कोई भी स्थगित या रद्द नहीं हुई है और सौर, हरित हाइड्रोजन और हवाई अड्डों के विस्तार की योजनाएं सही रास्ते पर हैं।”

प्रवक्ता ने कहा, “मौजूदा बाजार स्थिर होते ही प्रत्येक इकाई अपनी पूंजी बाजार रणनीति की समीक्षा करेगी। निश्चिंत रहें, हम शेयरधारकों को बेहतर लाभ देने के लिए अपनी इकाइयों की सतत क्षमता में विश्वास रखते हैं।”

भाषा अनुराग रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments