नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने पिछले तीन साल के दौरान निजी क्षेत्र के उपक्रमों को सुरक्षा सेवाएं मुहैया कराकर 325.67 करोड़ रुपये अर्जित किए हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
राय ने राज्यसभा में कहा कि सीआईएसएफ अधिनियम, 1968 के अनुसार खतरे के आकलन के आधार पर अनुरोध किये जाने पर निजी औद्योगिक उपक्रमों की सुरक्षा ड्यूटी के लिए सुरक्षा बल तैनात किया जाता है।
उन्होंने एक लिखित प्रश्न के उत्तर में कहा, ‘‘पिछले तीन वर्षों के दौरान निजी क्षेत्र के उपक्रमों के लिए सुरक्षा सेवाओं पर सीआईएसएफ की तैनाती के कारण अर्जित और भारत की संचित निधि में जमा किया गया राजस्व वर्ष 2021-22 में 1,15,21,69,545 रुपये, वर्ष 2020-21 में 1,11,54,96,912 रुपये, वर्ष 2019-20 में 98,90,60,330 रुपये हैं।
मंत्री ने कहा कि सीआईएसएफ औद्योगिक प्रतिष्ठानों को तकनीकी परामर्श सेवा भी प्रदान करता है और पिछले तीन वर्षों के दौरान निजी क्षेत्र से परामर्श शुल्क के माध्यम से अर्जित और भारत की संचित निधि में जमा कराया गया राजस्व 37,50,000 रुपये है।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
