scorecardresearch
Wednesday, 17 June, 2026
होमदेशअर्थजगतकेंद्र सरकार पेश कर रही है गलत आर्थिक आंकड़े : यशवंत सिन्हा

केंद्र सरकार पेश कर रही है गलत आर्थिक आंकड़े : यशवंत सिन्हा

Text Size:

पुणे, 16 जून (भाषा) पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुवाई वाली सरकार पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि देश में प्रस्तुत किए जा रहे आर्थिक आंकड़े जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाते। उन्होंने कहा कि जो आंकड़े जारी किए जा रहे हैं वे गलत हैं।

पूर्व मंत्री यहां पुणे में आयोजित “टुडेज़ इंडियन इकॉनमी” कार्यक्रम में बोल रहे थे, जिसमें महाराष्ट्र कांग्रेस के कुछ नेता भी मौजूद थे।

सिन्हा ने कहा, “आज हमारी अर्थव्यवस्था की स्थिति क्या है? चाहे कोई भी पार्टी सत्ता में हो, सही मूल्यांकन के लिए विश्वसनीय आंकड़ों की आवश्यकता होती है। भारत, अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) का सदस्य है, लेकिन आईएमएफ ने वर्तमान स्थिति को लेकर चिंता जताई है और कहा है कि भारत द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे आर्थिक आंकड़े पूरी तरह विश्वसनीय नहीं हैं।”

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोगों का मानना है कि देश में जारी आर्थिक आंकड़ों में विसंगतियां हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के लिए अर्थव्यवस्था से जुड़ा यह संकट असली परीक्षा है।’’

भाजपा के पूर्व नेता ने कहा कि खाद संकट और बारिश की कमी के कारण कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में रोज़गार की स्थिति भी बिगड़ती जा रही है।

उन्होंने कहा, “हमारी वृद्धि दर 7.7 प्रतिशत बताई जा रही है और भारत को दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था कहा जा रहा है, जिस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्सव मनाने की बात कही थी। लेकिन कुछ आकलनों के अनुसार वास्तविक वृद्धि दर केवल 2.2 प्रतिशत के आसपास है।”

भाषा यासिर अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments