scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशअर्थजगतबिहार में खरीफ विपणन सत्र 2025-26 में 36.79 लाख टन धान, 12 लाख टन चावल की खरीद: मंत्री

बिहार में खरीफ विपणन सत्र 2025-26 में 36.79 लाख टन धान, 12 लाख टन चावल की खरीद: मंत्री

Text Size:

पटना, आठ अप्रैल (भाषा) बिहार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने बुधवार को कहा कि खरीफ विपणन सत्र 2025-26 में राज्य सरकार ने 36.85 लाख टन के लक्ष्य के विरुद्ध 36.79 लाख टन धान तथा 25 लाख टन के लक्ष्य के मुकाबले 12 लाख टन चावल की खरीद की है।

उन्होंने कहा कि शेष चावल की खरीद 15 जून तक सुनिश्चित की जाएगी।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सभागार में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, “रबी विपणन सत्र 2026-27 के लिए केंद्र सरकार ने राज्य के लिए गेहूं खरीद का लक्ष्य 18,000 टन निर्धारित किया है। राज्य के सभी जिलों में एक अप्रैल से खरीद शुरू हो चुकी है और यह 15 जून तक पूरी कर ली जाएगी।”

उन्होंने बताया कि छह अप्रैल तक 591 किसानों से 2,617 टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है।

मंत्री ने कहा, “केंद्र सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये बढ़ाकर 2,585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।”

सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार के लिए मसूर की खरीद का लक्ष्य 32,000 टन तय किया है, जिसकी खरीद 10 अप्रैल से 31 मई के बीच की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस फसल का एमएसपी 7,000 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

मंत्री ने कहा, “राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राज्य में 8.55 करोड़ लाभार्थियों को हर महीने नि:शुल्क उच्च गुणवत्ता का खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा कुल 4.6 लाख टन खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है।”

उन्होंने दावा किया कि राज्य में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति सामान्य है और बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

सिंह ने कहा कि कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ राज्य सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है। “निरीक्षण के आधार पर राज्य में कुल 1,662 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं और 114 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।”

मंत्री ने बताया कि मुख्य सचिव की अध्यक्षता में संकट प्रबंधन समूह राज्य में गैस की आपूर्ति और वितरण की लगातार निगरानी कर रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य में 99,346 घरों में पीएनजी गैस कनेक्शन चालू किए जा चुके हैं, जबकि 55,025 घर कनेक्शन के लिए तैयार हैं।

भाषा कैलाश

रंजन अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments