नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) भू-राजनीतिक तनाव के बीच निवेशकों के पारंपरिक सुरक्षित निवेश विकल्प की ओर रुख करने से जनवरी-मार्च तिमाही में गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में 31,561 करोड़ रुपये का निवेश हुआ जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग छह गुना वृद्धि दर्शाता है।
‘एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड इन इंडिया’ (एम्फी) के आंकड़ों के अनुसार, तिमाही आधार पर प्रवाह 36 प्रतिशत बढ़कर 23,132 करोड़ रुपये हो गया। इसके अलावा, वर्ष के दौरान गोल्ड ईटीएफ का परिसंपत्ति आधार (एसेट बेस) और निवेशक खातों में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। इस श्रेणी में मार्च महीने में 2,266 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया जो फरवरी के 5,255 करोड़ रुपये और जनवरी के 24,040 करोड़ रुपये से कम है।
आंकड़ों के अनुसार, जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कुल प्रवाह 31,561 करोड़ रुपये रहा जो जनवरी-मार्च 2025 के 5,654 करोड़ रुपये से काफी अधिक है।
क्रमिक रूप से प्रवाह की गति में हालांकि कुछ नरमी आई है लेकिन सोने के उत्पादों में निवेशकों की रुचि सकारात्मक बनी हुई है। मार्च में धीमे प्रवाह का कारण वर्ष की शुरुआत में मजबूत निवेश के बाद सामान्यीकरण और नए निवेश में कुछ कमी को माना जा रहा है।
मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट रिसर्च इंडिया की वरिष्ठ विश्लेषक नेहल मेश्राम ने कहा, ‘‘ जनवरी में असामान्य रूप से अधिक निवेश देखा गया। इसकी मुख्य वजह जोखिम से बचने की प्रवृत्ति, खंड पुनर्संतुलन और सोने की कीमतों में तेजी रही। फिर भी मार्च में सकारात्मक प्रवाह यह दर्शाता है कि बाजार की अनिश्चितता एवं व्यापक आर्थिक उतार-चढ़ाव के बीच सोना विविधीकरण के साधन के रूप में निवेशकों को आकर्षित करता रहा है।’’
मजबूत निवेश प्रवाह से मार्च 2026 के अंत तक ‘गोल्ड फंड’ की प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) लगभग तीन गुना बढ़कर 1.71 लाख करोड़ रुपये हो गईं, जो एक वर्ष पहले 58,888 करोड़ रुपये थीं।
हाल के वर्षों में बेहतर ‘रिटर्न’ देने के कारण सोने में निवेशकों की रुचि बढ़ी है।
घरेलू भौतिक सोने की कीमत पर नजर रखने के उद्देश्य से बनाए गए गोल्ड ईटीएफ भौतिक सोने का प्रतिनिधित्व करने वाली इकाइयां होती हैं, जो कागजी या डीमैट रूप में हो सकती हैं। एक गोल्ड ईटीएफ इकाई एक ग्राम सोने के बराबर होती है और उच्च शुद्धता वाले भौतिक सोने से समर्थित होती है।
भाषा निहारिका वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
