नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) ई-कॉमर्स क्षेत्र की कंपनी अमेजन ने अपनी क्विक कॉमर्स सेवा अमेजन नाउ का भारत के 100 शहरों तक विस्तार करने की सोमवार को घोषणा की।
कंपनी ने हालांकि इस विस्तार को पूरा करने के लिए कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई है।
अमेजन नाउ सेवा वर्तमान में दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), मुंबई और बेंगलुरु में उपलब्ध है।
कंपनी ने बयान में कहा कि वह अपनी विशेष पूर्ति अवसंरचना को बढ़ाएगी और त्वरित वाणिज्य की अपनी महत्वाकांक्षाओं का समर्थन करने के लिए 1,000 से अधिक सूक्ष्म पूर्ति केंद्रों तक विस्तार करेगा।
यह विस्तार योजना अमेजन इंडिया द्वारा पिछले सप्ताह घोषित 2,800 करोड़ रुपये (करीब 30 करोड़ डॉलर) के निवेश का हिस्सा है।
अमेजन इंडिया के उपाध्यक्ष (एवरीडे एसेंशियल्स) हर्ष गोयल ने कहा, ‘‘ हमने अपने विस्तार की योजना को और तेज कर दिया है तथा 1000 से अधिक ‘माइक्रो-फुलफिलमेंट सेंटर’ के नेटवर्क के जरिये अमेजन नाउ को 100 शहरों तक पहुंचाएंगे।’’
उन्होंने कहा कि इस विस्तार से 16,000 से अधिक किसानों को भी अमेजन की प्रौद्योगिकी और संचालन का उपयोग कर अपने ताजे उत्पाद सीधे ग्राहकों को बेचने का अवसर मिलेगा।
बयान के अनुसार, अमेजन नाउ का विस्तार पुणे, हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता, जयपुर, लखनऊ, कानपुर, चंडीगढ़, अहमदाबाद, मेरठ, मैसूर, पानीपत, कोच्चि, अमृतसर, मैंगलुरु और विशाखापत्तनम सहित कई अन्य शहरों में किया जाएगा।
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.