scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशअर्थजगतएयरटेल ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में ग्राहकों की सहायता के लिए विशेष उपायों की घोषणा की

एयरटेल ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में ग्राहकों की सहायता के लिए विशेष उपायों की घोषणा की

Text Size:

नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) एयरटेल ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में अभूतपूर्व बारिश एवं खराब मौसम के कारण बुरी तरह प्रभावित दूरसंचार सेवाओं के बीच उपयोगकर्ताओं की सहायता के लिए विशेष उपायों की घोषणा की।

दूरसंचार सेवा प्रदाता एयरटेल के प्रवक्ता के बयान के अनुसार, जिन प्रीपेड ग्राहकों के प्लान इस हफ्ते खत्म हो रहे हैं, उन्हें तीन दिन की मोहलत मिलेगी और ग्राहक बिना रिचार्ज कराए भी हर दिन अनलिमिटेड कॉल और एक जीबी डेटा का इस्तेमाल कर पाएंगे।

एयरटेल ने कहा, ‘अभूतपूर्व बारिश और खराब मौसम के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में दूरसंचार सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इन मुश्किल हालात में संपर्क में रहना पहले से कहीं ज्यादा जरूरी है।’

पोस्टपेड और ब्रॉडबैंड ग्राहकों को निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए बिल भुगतान पर तीन दिन की छूट अवधि मिलेगी।

कंपनी ने कहा, ‘जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में इंट्रा-सर्किल रोमिंग (आईसीआर) सुविधा शुरू कर दी गई है, ताकि ग्राहक अन्य उपलब्ध नेटवर्क के माध्यम से जुड़े रह सकें।’

एयरटेल ने कहा कि उसकी टीमें जल्द से जल्द सेवाएं बहाल करने के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रही हैं।

भाषा योगेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments