नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) विमानन कंपनी गो फर्स्ट के विमान रखरखाव करने वाले कई तकनीकी कर्मचारी कम वेतन के विरोध में पिछले तीन दिन के दौरान स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए छुट्टी पर चले गए है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इससे पहले इसी तरह इंडिगो के कई कर्मचारी भी स्वास्थ्य कारणों की वजह से छुट्टी पर चले गए थे। इसके बाद एयरलाइन ने इस तरह से छुट्टी लेने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सूत्रों ने बताया कि गो फर्स्ट के कुछ तकनीकी कर्मचारी जो पिछले तीन दिनों के दौरान बीमारी के लिए छुट्टी पर गए थे, उन्होंने एयरलाइन के प्रबंधन को ई-मेल लिखकर अपना वेतन बढ़ाने के लिए कहा है।
गोफर्स्ट ने इस मामले को लेकर पीटीआई-भाषा के सवाल का फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया है।
गौरतलब है कि कई घरेलू विमानन कंपनियों ने कोविड-19 महामारी के अपने चरम पर होने के दौरान कर्मचारियों के एक बड़े वर्ग के वेतन में कटौती की थी।
भाषा जतिन अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
