नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) अदाणी टोटल गैस लिमिटेड (एटीजीएल) का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में एकल आधार पर शुद्ध लाभ तीन प्रतिशत बढ़कर 167 करोड़ रुपये रहा। सीएनजी और पाइप के जरिये प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की बिक्री बढ़ने से गैस की लागत में तेज बढ़ोतरी का प्रभाव सीमित करने में मदद मिली।
अदाणी समूह की कंपनी एटीजीएल ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि जुलाई-सितंबर, 2026 तिमाही में उसका परिचालन राजस्व 34 प्रतिशत बढ़कर 2,102 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान सीएनजी की बिक्री मात्रा 17 प्रतिशत और पीएनजी की बिक्री तीन प्रतिशत बढ़ी।
हालांकि, आलोच्य तिमाही में प्राकृतिक गैस की लागत 43 प्रतिशत बढ़ गई। कंपनी ने इसकी वजह कच्चे तेल से जुड़ी ऊंची कीमतों, घरेलू गैस के लिए साझा मूल्य व्यवस्था के तहत मिलने वाले समर्थन की वापसी और पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी संकट को बताया।
सितंबर तिमाही में कंपनी का कर-पूर्व लाभ आठ प्रतिशत बढ़कर 235 करोड़ रुपये हो गया जबकि ब्याज, कर, मूल्यह्रास एवं परिशोधन से पहले की आय (ईबीआईटीडीए) 12 प्रतिशत बढ़कर 340 करोड़ रुपये रही।
इस तरह, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ सात प्रतिशत घटकर 300 करोड़ रुपये रह गया, जबकि राजस्व 31 प्रतिशत बढ़कर 3,999 करोड़ रुपये हो गया। इस अवधि में कंपनी का ईबीआईटीडीए तीन प्रतिशत बढ़कर 621 करोड़ रुपये रहा जबकि कर-पूर्व लाभ पांच प्रतिशत गिरकर 414 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी के अनुसार, सितंबर तिमाही में कुल गैस बिक्री मात्रा 12 प्रतिशत बढ़कर 31.5 करोड़ मानक घन मीटर रही। इसमें सीएनजी की बिक्री मात्रा 17 प्रतिशत बढ़कर 22.3 करोड़ मानक घन मीटर और पीएनजी की बिक्री तीन प्रतिशत बढ़कर 9.2 करोड़ मानक घन मीटर रही।
अदाणी टोटल गैस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संजय पंडिता ने कहा, ‘‘सीएनजी की मांग बनी रहने, पीएनजी के बढ़ते इस्तेमाल और नेटवर्क के विस्तार से सितंबर तिमाही में बिक्री मात्रा में 12 प्रतिशत और राजस्व में 34 प्रतिशत की बढ़त रही। इससे कंपनी का ईबीआईटीडीए भी सालाना आधार पर 12 प्रतिशत बढ़ गया।’’
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी के सीएनजी स्टेशन की संख्या 16 बढ़कर 723 हो गई।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.