scorecardresearch
Friday, 23 October, 2026
होमदेशअर्थजगतअदाणी टोटल गैस ने सीएनजी की कीमत 4.45 रुपये प्रति किलो बढ़ाई

अदाणी टोटल गैस ने सीएनजी की कीमत 4.45 रुपये प्रति किलो बढ़ाई

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर (भाषा) शहरी गैस वितरण कंपनी अदाणी टोटल गैस लिमिटेड ने वाहनों में इस्तेमाल होने वाले कॉम्प्रेस्ड प्राकृतिक गैस (सीएनजी) की कीमतों में 4.45 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी की है।

कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की कीमतों में तेजी, घरेलू गैस की उपलब्धता में कमी और आपूर्ति में कटौती को इस फैसले की वजह बताया है।

अदाणी टोटल गैस लिमिटेड (एटीजीएल) की वेबसाइट के मुताबिक, अहमदाबाद में उसके पंप पर सीएनजी की कीमत बढ़कर 98.47 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं, हरियाणा के फरीदाबाद में यह 102.60 रुपये और पंजाब के जालंधर में 100 रुपये प्रति किलो है।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलएनजी की हाजिर कीमतें फरवरी, 2026 के 10-12 डॉलर प्रति दस लाख इकाई (एमएमबीटीयू) से बढ़कर करीब 30 डॉलर हो गई हैं। इससे आयातित गैस की लागत बढ़ गई है।

इसके अलावा, सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के घरेलू गैस क्षेत्रों से नई कुओं वाली गैस (एनडब्ल्यूजी) की उपलब्धता कम हुई है। सरकार के एक आदेश के बाद उच्च दबाव और उच्च तापमान (एचपीएचटी) वाले गैस क्षेत्रों से आपूर्ति भी घटी है।

अदाणी टोटल गैस ने कहा कि इन वजहों से सीएनजी की मांग पूरी करने के लिए प्रतिस्पर्धी कीमतों पर उपलब्ध घरेलू गैस का हिस्सा घटा है। आपूर्ति में कमी से पैदा हुए अंतर को पूरा करने के लिए वैकल्पिक स्रोतों से गैस खरीदनी पड़ रही है, जिससे कुल लागत बढ़ गई है।

कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार, कंपनी उपभोक्ताओं पर बढ़ी लागत का असर सीमित रखने और सीएनजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने पर ध्यान दे रही है।

अदाणी टोटल ने कहा कि कीमतों में संशोधन खरीद लागत में हुई वृद्धि की आंशिक भरपाई करने और उपभोक्ताओं को भरोसेमंद आपूर्ति जारी रखने के लिए किया गया है।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments