हाइफा (इजरायल), 31 जनवरी (भाषा) भारतीय उद्योगपति गौतम अडाणी इजरायल के तेल अवीव में कृत्रिम मेधा (एआई) प्रयोगशाला स्थापित करेंगे। इससे पता चलता है कि 1.2 अरब डॉलर के हाइफा बंदरगाह सौदे के बाद अडाणी समूह इस देश में और ज्यादा निवेश करने की तैयारी कर रहा है।
अडाणी ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू की मौजूदगी में इजरायल स्थित हाइफा बंदरगाह के अधिग्रहण का समझौता किया और निवेश अवसरों के बारे में बात की। अमेरिका की शोध कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च द्वारा धोखाधड़ी के आरोपों के बाद अडाणी समूह के शेयरों में भारी गिरावट आई थी।
अडाणी (60) ने कहा कि उनका समूह हाइफा में रियल एस्टेट परियोजना भी विकसित करेगा।
अपने संबोधन में अडाणी ने कहा, ‘‘हम तेल अवीव में एक एआई प्रयोगशाला भी स्थापित करने की प्रक्रिया में हैं, जो भारत और अमेरिका में स्थित हमारी नई एआई प्रयोगशालाओं के साथ करीबी सहयोग बनाकर काम करेगी।’’
अडाणी समूह ने पिछले छह साल में एल्बिट सिस्टम्स, इजरायल वेपन सिस्टम्स और इजरायल इनोवेशन अथॉरिटी जैसी कंपनियों के साथ महत्वपूर्ण साझेदारियां की हैं।
भाषा अनुराग अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
