scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशअर्थजगतअदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ दोगुना से अधिक होकर 1,364 करोड़ रुपये पर

अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ दोगुना से अधिक होकर 1,364 करोड़ रुपये पर

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) ऊर्जा क्षेत्र की कंपनी अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ दोगुने से अधिक होकर 1,364 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अदाणी समूह की इस कंपनी ने एक साल पहले की समान तिमाही में 557 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में उसकी कुल आय 51 प्रतिशत बढ़कर 10,239 करोड़ रुपये रही। इस दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व भी 51 प्रतिशत बढ़कर 7,167 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने इसका श्रेय पारेषण एवं ऊर्जा समाधान कारोबार के बेहतर योगदान को दिया।

एईएसएल की वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कुल आय 6,767 करोड़ रुपये और परिचालन राजस्व 4,740 करोड़ रुपये था।

वितरण कारोबार में मुंबई क्षेत्र में बिजली की कुल बिक्री 11 प्रतिशत बढ़कर 293 करोड़ यूनिट रही। वहीं, मुंद्रा स्थित एमपीएसईजेड इकाई की बिजली बिक्री मजबूत औद्योगिक और वाणिज्यिक मांग के चलते 26 प्रतिशत बढ़कर 46 करोड़ यूनिट हो गई।

कंपनी ने चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही तक कुल 1.48 करोड़ स्मार्ट मीटर लगाए थे। इसके अलावा, 2.46 करोड़ स्मार्ट मीटर लगाने की परियोजनाएं क्रियान्वयन के विभिन्न चरणों में हैं। इन 10 परियोजनाओं से 29,519 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व मिलने की संभावना है।

कंपनी ने महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी के साथ 2,500 मेगावाट बिजली की 25 साल तक आपूर्ति के लिए बिजली खरीद समझौता भी किया है।

अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस बिजली पारेषण, वितरण, स्मार्ट मीटर और कूलिंग समाधान कारोबार में सक्रिय है। कंपनी का पारेषण नेटवर्क 16 राज्यों में फैला है और इसकी कुल लंबाई 29,802 सर्किट किलोमीटर है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments