पटना, 25 नवंबर (भाषा) बिहार में बुधवार को ‘ई-कैबिनेट’ प्रणाली की शुरुआत हुई और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की पहली ई-कैबिनेट बैठक आयोजित की गई।
मंत्रिमंडल सचिवालय के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि बिहार देश का 12वां राज्य बन गया है, जहां ई-कैबिनेट प्रणाली लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि ई-कैबिनेट प्रणाली एक डिजिटल एवं कागज रहित (पेपरलेस) सॉफ्टवेयर व्यवस्था है, जिसके माध्यम से मंत्रिमंडल की बैठकों, एजेंडे, प्रस्तावों और निर्णयों का संचालन ऑनलाइन किया जाता है। इस प्रणाली का उद्देश्य प्रशासनिक कामकाज को अधिक तेज, सुरक्षित, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
अरविंद कुमार चौधरी के अनुसार, इस प्रणाली के संचालन के लिए सभी मंत्रियों को आईपैड दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब मंत्रिमंडल के सभी प्रस्ताव मंत्रियों को ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे कागज की खपत में कमी आएगी।
उन्होंने दावा किया कि कागज की बचत से अगले छह-सात महीने में आईपैड खरीदने पर खर्च की गई राशि की भरपाई हो जाएगी। चौधरी ने बताया कि आईपैड की खरीद पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
भारत में ई-कैबिनेट प्रणाली मुख्य रूप से राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) द्वारा विकसित डिजिटल मंच के माध्यम से लागू की गई है। इस व्यवस्था के तहत मंत्रियों को बैठक से संबंधित दस्तावेज डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे कागज के इस्तेमाल में कमी आती है।
उल्लेखनीय है कि बिहार से पहले देश में ‘ई-कैबिनेट’ अथवा ‘पेपरलेस कैबिनेट’ प्रणाली लागू करने वाले राज्यों में हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत कुछ अन्य राज्य शामिल हैं।
भाषा कैलाश शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.