scorecardresearch
Monday, 19 October, 2026
होमदेशदुष्यंत कुमार गौतम ने सिक्किम के राज्यपाल पद की शपथ ली

दुष्यंत कुमार गौतम ने सिक्किम के राज्यपाल पद की शपथ ली

लोक भवन में हुआ शपथ ग्रहण समारोह. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हाल ही में चार राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त किए थे.

Text Size:

गंगटोक: सिक्किम के नवनियुक्त राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम ने सोमवार को लोक भवन में राज्यपाल पद की शपथ ली.

इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार (13 अक्टूबर) को चार राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त किए थे. राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सुधा यादव को कर्नाटक, ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड, ब्रज मोहन राम को ओडिशा और दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया था.

दुष्यंत कुमार गौतम बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं. वह दिल्ली नगर निगम में पार्षद और राज्यसभा सदस्य भी रह चुके हैं.

ये नियुक्तियां छह राज्यों में किए गए बड़े फेरबदल का हिस्सा हैं. इसके तहत सिक्किम और केरलम के राज्यपालों को क्रमशः केरलम और तमिलनाडु भेजा गया है.

सुधा यादव

कर्नाटक की राज्यपाल नियुक्त की गईं सुधा यादव हरियाणा के महेंद्रगढ़ से लोकसभा की पूर्व सांसद हैं. वह बीजेपी के संसदीय बोर्ड की सदस्य भी हैं. उन्होंने आईआईटी रुड़की से रसायन विज्ञान में एमएससी और पीएचडी की है. वह 2019 से 2022 तक राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं.

ढाल सिंह बिसेन

उत्तराखंड के राज्यपाल नियुक्त किए गए ढाल सिंह बिसेन मध्य प्रदेश के बालाघाट से लोकसभा के पूर्व सांसद हैं. वह मध्य प्रदेश सरकार में विधायक और कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं. उन्होंने स्कूल शिक्षा, वन, परिवहन और खनन जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाली है. वह मध्य प्रदेश के चौथे राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष भी रह चुके हैं.

ब्रज मोहन राम

दलित नेता ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. वह झारखंड के पूर्व सांसद हैं और पलामू से लगातार तीन बार, 1996, 1998 और 1999 में लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं. वह अविभाजित बिहार में विधायक भी रह चुके हैं. वह धोबी समुदाय से आते हैं.

share & View comments