धार, 31 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के धार जिले में पुलिस ने ड्रोन की मदद से बड़े पैमाने पर की जा रही गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार पुलिस ने करीब 6,700 किलोग्राम गांजे की खेती का पता लगाया है, जिसकी कीमत 25 करोड़ रुपये आंकी गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर ने संवाददाताओं से कहा कि जिले के दक्षिणी हिस्से के पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया गया जिसके तहत मनावर, मांडव, गंधवानी, बाग और टांडा क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस ने जंगलों, दुर्गम पहाड़ियों और खेतों का ड्रोन के माध्यम से सर्वेक्षण किया और इस दौरान पता चला कि मक्का और अरहर की फसलों के बीच गांजे के पौधे उगाए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने संबंधित इलाकों में कार्रवाई की।
डावर ने बताया कि अभियान शुक्रवार को शुरू हुआ था और शनिवार शाम तक जारी रहा। इस दौरान करीब 67 क्विंटल (6,700 किलोग्राम) गांजे की अवैध खेती का खुलासा हुआ। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये आंकी गई है।
उन्होंने बताया कि मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जांच कर रही है।
भाषा सं दिमो खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.