लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर यूपी के सभी 75 जिलों में सरदार पटेल स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन बनाने की घोषणा की. पहले चरण में गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी और गौतमबुद्धनगर में केंद्र बनाए जाएंगे.
इन केंद्रों पर युवाओं का पंजीकरण, उनकी रुचि और योग्यता के अनुसार कौशल प्रशिक्षण और रोजगार की व्यवस्था एक ही जगह होगी. विदेश में नौकरी चाहने वाले युवाओं को संबंधित देश की भाषा और जरूरी कौशल का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा.
योगी ने कहा कि पहले 18 मंडल मुख्यालयों और इसके बाद सभी जिलों में योजना का विस्तार होगा. उन्होंने कहा कि उद्योगों की जरूरत के हिसाब से युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जाएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी की युवा आबादी प्रदेश की ताकत है. उन्होंने कहा कि स्केल के साथ स्किल जुड़ेगी तो रोजगार आएगा और गति प्रगति में बदलेगी. कार्यक्रम में उन्होंने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा और कहा कि पहले यूपी को बीमारू बनाने वाली मानसिकता थी.