scorecardresearch
Saturday, 23 May, 2026
होमदेश‘दृश्यम’ की अभिनेत्री अंसीबा हसन ने टिनी टॉम पर ‘चरित्र हनन’ का आरोप लगाया

‘दृश्यम’ की अभिनेत्री अंसीबा हसन ने टिनी टॉम पर ‘चरित्र हनन’ का आरोप लगाया

Text Size:

कोच्चि, 23 मई (भाषा) मलयालम अभिनेत्री अंसीबा हसन ने शनिवार को साथी अभिनेता टिनी टॉम व कलाकारों के संगठन एएमएमए के कुछ सदस्यों पर “चरित्र हनन और सांप्रदायिक दुर्व्यवहार” का आरोप लगाया।

अभिनेत्री ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें संगठन से इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया।

‘दृश्यम’ की अभिनेत्री ने दावा किया कि संगठन के एक अन्य सदस्य ने उन्हें बताया था कि टॉम ने उन्हें “जिहादी” करार दिया था, उन पर मतांतरण का प्रयास करने का आरोप लगाया था और उनके निजी जीवन के बारे में अफवाहें फैलाई थीं।

अभिनेत्री ने यह सवाल भी उठाया कि क्या उन्हें उनकी मुस्लिम पहचान के कारण निशाना बनाया जा रहा है।

अभिनेत्री ने विभिन्न टेलीविजन चैनलों से बात करते हुए ये आरोप लगाए।

हसन ने कहा कि उन्होंने 21 फरवरी को ‘एसोसिएशन ऑफ मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स’ (एएमएमए) को अपना इस्तीफा सौंप दिया था, जिसमें उन्होंने व्यक्तिगत कारणों और काम के दबाव का हवाला दिया था, लेकिन उन्होंने निजी तौर पर संगठन के सचिव को अपने फैसले के पीछे के वास्तविक मुद्दों के बारे में सूचित किया था।

उन्होंने दावा किया कि एएमएमए की कार्यकारी समिति की एक महिला सदस्य ने उनके खिलाफ झूठी पुलिस शिकायत दर्ज कराई थी और आरोप लगाया कि विवाद के दौरान न तो संगठन के अध्यक्ष और न ही अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों ने उनका साथ दिया।

अभिनेत्री ने दावा किया, “मैं गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रही हूं। मेरे खिलाफ चरित्र हनन का एक बेहद घिनौना अभियान चलाया गया है।” उन्होंने कहा कि वह कानूनी कार्रवाई करने की इच्छुक नहीं थीं।

इसी बीच, अभिनेत्री प्रियंका ने टॉम के समर्थन में आकर कहा कि जिस व्यक्ति ने कोई गलती नहीं की है उसे दंडित नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने कोच्चि में कहा, “हसन की जो भी समस्याएं थीं, उन पर एएमएमए के भीतर ही चर्चा होनी चाहिए थी। ऐसे मामलों को सुलझाने के लिए संगठन में निर्वाचित प्रतिनिधि मौजूद हैं।”

आरोपों को खारिज करते हुए टॉम ने हालांकि कहा कि हसन के दावे सुनी-सुनाई बातों पर आधारित थे।

उन्होंने मीडिया से कहा, “किसी और ने कहा है कि मैंने उसके खिलाफ ऐसी टिप्पणी की है…उसने यही कहा था… मैं एक ऐसा व्यक्ति हूं जो ईमानदारी से काम करता है और खुलकर बोलता है।”

अभिनेता ने आगे कहा कि एएमएमए की कार्यकारी समिति इस मामले पर उचित निर्णय लेगी।

हसन ने हाल ही में मलयालम फिल्म कलाकारों के संगठन एएमएमए की कार्यकारी समिति से इस्तीफा दे दिया, जहां वह संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत थीं।

भाषा

प्रशांत पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments