(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने वियतनाम के जन सुरक्षा मंत्री जनरल तो लाम के साथ यहां वार्ता की तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता, सुरक्षा एवं नौवहन की स्वतंत्रता को बरकरार रखते हुए द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी और मजबूत करने का संकल्प लिया।
कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ वियतनाम के पोलित ब्यूरो के सदस्य जनरल लाम ने डोभाल के न्योते पर नौ और 10 अप्रैल को भारत की यात्रा की। उन्होंने नयी दिल्ली में 10 अप्रैल 2023 को द्विपक्षीय सुरक्षा सहयोग पर प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक की।
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी और प्रगाढ़ करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने रणनीतिक, सुरक्षा और रक्षा विषयों पर संपर्क बढ़ाने तथा दोनों देशों, क्षेत्र और विश्व की शांति, सुरक्षा व स्थिरता में योगदान देने की भी प्रतिबद्धता दोहराई।
विदेश राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने भी जनरल लाम से मुलाकात की। वहीं, वियतनामी मंत्री ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात की।
भाषा सुभाष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
