scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशघबराहट में खरीदारी न करें: मोहन चरण माझी

घबराहट में खरीदारी न करें: मोहन चरण माझी

Text Size:

भुवनेश्वर, 28 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के लोगों से शनिवार को अपील की कि वे घबराहट में खरीदारी न करें ताकि आपूर्ति श्रृंखला सुचारू रूप से बनी रहे।

माझी ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10-10 रुपये प्रति लीटर की कटौती के केंद्र सरकार के फैसले की सराहना करते हुए इसे ‘‘समय पर उठाया गया” ऐसा दूरदर्शी कदम बताया जो नागरिकों को प्राथमिकता देता है और ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत को मजबूत करता है।

इस कटौती से अनुमानित 1.75 लाख करोड़ रुपये के राजस्व का असर पड़ेगा और इसका उद्देश्य पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण बढ़ी वैश्विक तेल कीमतों से घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देना है।

माझी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्रियों और उपराज्यपालों के साथ ऑनलाइन माध्यम से हुई बैठक में शामिल होने के बाद कहा कि ओडिशा सरकार इस संकट से निपटने के लिए राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप काम कर रही है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, “राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि हर नागरिक तक सही जानकारी पहुंचे, आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता निर्बाध बनी रहे और जमाखोरी या कालाबाजारी के किसी भी प्रयास को सख्ती से रोका जाए।”

मुख्यमंत्री ने लोगों से बदलती स्थिति के प्रति सतर्क रहने, धैर्य बनाए रखने और अनावश्यक खरीदारी से बचने की अपील की, ताकि व्यवस्था प्रभावित न हो।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments