scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेश‘मेजबानी न करना’ : सलमान ने आइफा पुरस्कार को लेकर मजाकिया लहजे में वरुण को सलाह दी

‘मेजबानी न करना’ : सलमान ने आइफा पुरस्कार को लेकर मजाकिया लहजे में वरुण को सलाह दी

Text Size:

मुंबई, 22 अक्टूबर (भाषा) बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने बृहस्पतिवार को वरुण धवन को ‘इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी’ (आइफा) पुरस्कार समारोह की मेजबानी की शुरुआत से पहले मजाकिया अंदाज में सलाह दी कि वह छह घंटे तक कार्यक्रम की मेजबानी करने के बजाय कुछ ‘डांस स्टेप’ करें और वहां से चले जाएं।

सलमान मुंबई में 27वें आइफा समारोह की घोषणा के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन में हल्के-फुल्के अंदाज में नजर आए। यह फिल्म समारोह 22 और 23 जनवरी 2027 को अबू धाबी के यास द्वीप स्थित एतिहाद एरिना में आयोजित होगा।

यह पूछे जाने पर कि वह वरुण को क्या सलाह देंगे, सलमान ने मजाकिया लहजे में कहा, ‘‘मेजबानी मत करना। इसमें छह घंटे लगते हैं। बस यह (डांस स्टेप) करो और चले जाओ। लोगों को अपना-अपना काम करने दो।’’

वरुण आइफा पुरस्कार समारोह 2027 की मेजबानी करण जौहर, अनन्या पांडे और मनीष पॉल के साथ करेंगे।

वरुण ने कहा कि समारोह का मुख्य केंद्र फिल्में होनी चाहिए और उन्होंने तकनीशियनों को पहचान देने की जरूरत पर जोर दिया।

अभिनेता ने कहा, ‘‘आइफा शब्द में सबसे महत्वपूर्ण अक्षर ‘एफ’ है, जिसका मतलब फिल्म है। आज फिल्म पुरस्कार समारोहों में फिल्मों को छोड़कर हर चीज पर बात होती है। हम यहां फिल्मों, अभिनेताओं, कलाकारों और तकनीशियनों का जश्न मनाने आते हैं।”

वरुण ने कहा, ‘‘मैं एक तकनीशियन का बेटा हूं। मुझे हमेशा लगता है कि पहले तकनीशियनों या फिल्में बनाने वाले लोगों को जितना महत्व दिया जाता था, अब उन्हें उतना महत्व नहीं मिलता।’’

पुरस्कार समारोह में प्रस्तुति देने जा रहे सलमान ने बीच में टोकते हुए कहा कि समय बदल गया है।

दो दिवसीय इस आयोजन में अभिनेता पंकज त्रिपाठी पहली बार आइफा डिजिटल पुरस्कार 2027 की मेजबानी करेंगे। त्रिपाठी के साथ उनके ‘‘मिर्जापुर’’ के सह-कलाकार अली फजल और अभिषेक बनर्जी भी होंगे।

भाषा शफीक पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments