नयी दिल्ली, छह नवंबर (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कुछ बयानों को लेकर शुक्रवार को उन पर निशाना साधा और कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भ्रमित नहीं, बल्कि खुली बहस के लिए तैयार करना चाहिए।
गांधी ने ‘एक्स’ पर अमित शाह के कुछ बयानों पर आधारित एक वीडियो साझा करते हुए कहा, “अमित शाह जी, मोदी जी को कन्फ्यूज मत कीजिए। बस उन्हें मेरे साथ खुली बहस के लिए मना लीजिए। कोई भी मंच, कोई भी समय। डरो मत।”
कांग्रेस नेता ने जो वीडियो साझा किया, उसमें कहा गया है, ‘‘शाह ने 10 दिसंबर, 2025 को लोकसभा में कहा था कि एसआईआर के विषय पर सदन में चर्चा नहीं हो सकती, जबकि बीते पांच नवंबर को कहा कि सरकार एसआईआर पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार हैं।’’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पिछले कुछ दिनों से प्रधानमंत्री मोदी को बार-बार बहस की चुनौती दे रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री कांग्रेस के लोगों को ‘देशद्रोही’ कहते हैं और यदि वह उनके साथ बहस करते हैं तो वह पांच मिनट में साबित कर देंगे कि प्रधानमंत्री ‘देशद्रोही’ हैं।
भाषा हक हक नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.