scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशकुफरी में वरिष्ठ पत्रकार से बदसलूकी करने वाले पुलिसकर्मी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई

कुफरी में वरिष्ठ पत्रकार से बदसलूकी करने वाले पुलिसकर्मी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई

Text Size:

शिमला, 16 मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से करीब 20 किलोमीटर दूर कुफरी में एक वरिष्ठ पत्रकार से कथित रूप से बदसलूकी करने के आरोप में एक पुलिसकर्मी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।

यह घटना रविवार को उस वक्त की है जब पुलिसकर्मी ने पत्रकार को कथित तौर पर एक समाचार कार्यक्रम की कवरेज से रोका और उन्हें वहां से जाने के लिए कहा।

हालांकि, पत्रकार के विरोध करने पर पुलिसकर्मी वहां से हट गया। यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

वीडियो सामने आने के बाद आम लोगों और मीडिया जगत में नाराजगी देखी गई और पुलिसकर्मी की बदसलूकी को लेकर सवाल उठाए गए।

मीडियाकर्मियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर घटना पर असंतोष जताया और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मुख्यमंत्री ने उनकी शिकायतें सुनने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई नहीं जाएंगी।

मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ की।

शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने घटना पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस जनता तक सूचना पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को मान्यता देती है और प्रेस की स्वतंत्रता का सम्मान करती है।

भाषा खारी नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments